मुंबई
2014 लोकसभा चुनाव से लगातार बैकफुट पर जा रही कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव तक क्या यूपीए का नेतृत्व करने लायक रहेगी या नहीं, यह बड़ा सवाल है। रविवार को पार्टी के मुखपत्र के माध्यम से शिवसेना सांसद एवं प्रवक्ता संजय राउत ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। राज्य की महाविकास आघाडी सरकार की सहयोगी कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए राउत ने कहा कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल में विधानसभा में विपक्ष की भूमिका निभाने वाली कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। ममता बनर्जी की जीत पर ख़ुशी है, लेकिन कांग्रेस की हुई हार ठीक नहीं है। राउत ने आगे कहा कि 2024 के चुनावी परिदृश्य में कांग्रेस कहां होगी इस पर विचार करने की जरूरत है। ममता बनर्जी की जीत के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में कोई नई दिशा मिलेगी क्या ? विपक्ष अगर एक साथ गठबंधन की कोशिश करता है तो उसका नेत़ृत्व कौन करेगा ? यह एकमत से तय हो जाना चाहिए। उसमें कांग्रेस की भी सहमति होनी चाहिए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राउत ने पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस के स्थान पर अन्य पार्टी के नेता को नेतृत्व करने की जरूरत है।

Post a Comment