बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में लगे स्टूडेंट्स के लिए राहत भरी खबर है। कम से कम जनवरी और फरवरी 2021 में तो बोर्ड एग्जाम नहीं होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। निशंक ने कहा कि जनवरी और फरवरी में किसी बोर्ड की परीक्षा नहीं होगी। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर फैसला बाद में किया जाएगा।
देशभर के शिक्षकों के साथ सीधा संवाद करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने यह घोषणा की। निशंक पहले भी कह चुके हैं कि स्टूडेंट्स को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। उन्होंने 10 दिसंबर को कहा था कि परीक्षाएं मार्च में ही आयोजित कराने की कोई अनिवार्यता नहीं है।
ऑफलाइन ही होंगे सीबीएसई के एग्जाम
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई की परीक्षाएं ऑनलाइन नहीं होंगी। 2021 में होने वाली यह परीक्षा छात्रों को पहले की तरह कागज-पेन से ही देनी होगी। सीबीएसई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं को ऑनलाइन करवाने का कोई प्रस्ताव ही नहीं है। ये परीक्षाएं बीते वर्षों की तरह सामान्य लिखित रूप में ली जाएंगी। हालांकि, इसकी डेट अभी तय नहीं हुई है।
वर्चुअल तरीके से चल रही हैं क्लासेज
बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच तमाम तरह की चर्चाएं हो रही है। अबतक कोविड के चलते देशभर के स्कूल कॉलेज पूरी तरह से नहीं खोले जा सके हैं। बोर्ड परीक्षाओं के रजिस्ट्रेशन से लेकर कक्षा संचालन तक सारे कार्य वर्चुअल या ऑनलाइन तरीके से संचालित हो रहे हैं।
कोविड के बीच एग्जाम को लेकर मंत्री का संवाद
कोविड महामारी के बीच समय पर परीक्षाओं के संचालन के लिए सरकार ने पहल की थी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्लान था कि एग्जाम से पहले छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ त्रिस्तरीय संवाद हो। निशंक तीन अलग अलग तिथियों पर छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों के साथ वेबिनार के जरिए सीधे संवाद कर रहे हैं।
Post a Comment