महाराष्ट्र के विदर्भ का नागपुर जिला रविवार 20 दिसंबर को एक अनोखी शादी का गवाह बना। राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख और नागपुर के जिलाधिकारी ने मिलकर मूक बधिर दिव्यांग, अनाथ लड़के-लड़की की शादी करवाई। खास बात ये रही कि कन्यापक्ष के मां-बाप की जिम्मेदारी गृह मंत्री अनिल देशमुख तो वर पक्ष के अभिभावक की जिम्मेदारी जिलाधिकारी ने निभाई। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी इस विवाह समारोह में शामिल होकर नवयुगल को आशीर्वाद दिया।
गृह मंत्री अनिल देशमुख और उनकी पत्नी ने शादी में 23 साल की मूक बधिर (गूंगी-बहरी) दिव्यांग लड़की के मां-बाप की जिम्मेदारी निभाते हुए कन्यादान किया। उन्होंने लड़की को अपनी ओर से कई उपहार भी दिए। वहीं दूल्हा बने 27 साल के मूक बधिर अनाथ युवक के मां-बाप की जिम्मेदारी नागपुर के जिलाधिकारी रविंद्र ठाकरे और उनकी पत्नी ने निभाई। समधी मिलन की रस्म अदा करते हुए गृह मंत्री और जिलाधिकारी आपस में गले भी मिले। इस खास शादी में नागपुर, मुंबई से जुड़ी राज्य की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी अपनी हाजिरी लगाई। इसमें राज्य के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत, पद्मश्री प्रभाकर राव वैद्य, शिव सेना सांसद कृपाल तुमाने और अन्य अधिकारी शामिल रहे। सभी लोगों ने अपनी-अपनी ओर से इस जोड़े को शादी के कई उपहार भी दिए ।
Post a Comment