मुंबई
आघाड़ी के घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे, मैं चाहता हूं कि उन्हें एक साथ जरूर चुनाव लड़ना चाहिए। यही मेरी इच्छा है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फड़नवीस ने कही। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भाजपा में कई लोग शामिल होंगे। भाजपा छोड़कर कोई नहीं जाएगा। इस तरह उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर निशाना साधा।
सोमवार को शिवसेना के पूर्व विधायक बाला साहेब सानप विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान फड़नवीस बोल रहे थे। नाशिक महानगरपालिका के चुनाव नजदीक आने पर शिवसेना के पूर्व विधायक बाला साहेब सानप ने शिवसेना को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया, इससे शिवसेना को झटका लगा है।
इस दौरान फड़नवीस ने कहा कि सभी को एक बात ध्यान में रखनी चाहिए कि महाविकास आघाड़ी में शामिल तीनों दल एक साथ चुनाव लड़ेंगे, मैं कहूंगा कि उन्हें निश्चित रूप से एक साथ चुनाव लड़ना चाहिए, यह मेरी इच्छा है। इसकी वजह यह है कि एक साथ चुनाव लड़ने पर उन्हें एकाध तात्कालिक फायदा होगा, लेकिन तीनों दलों के साथ आने की वजह से जो राजनीतिक जगह है, उसमें कितने लोग समाहित होंगे? यह बेहद महत्वपूर्ण है। जब दो दल मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो उस राजनीतिक क्षेत्र में एक साथ फिट होना मुश्किल होता है। ये तीनों दल मिलकर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं, इसमें वे सबसे अधिक बड़ी जगह भाजपा के लिए खाली छोड़ देंगे और भाजपा वह जगह कब्जा किए बिना नहीं रहेगी, ऐसे में एकाध चुनाव परिणाम इधर-उधर हो, लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी समय में भाजपा में कई लोग शामिल होंगे। कई लोग बोल रहे हैं कि भाजपा के विधायक हमारे साथ आएंगे, ऐसा बोलने के पीछे एकमात्र वजह यह है कि कोई भी उनके साथ जाने को तैयार नहीं है, इस बात की उन्हें जानकारी है। उनकी पार्टी में प्रचंड असंतोष है और विधायकों में भारी नाराजगी है। ये विधायक क्या करेंगे? इस प्रकार का डर मन में आने की वजह से विधायकों को शांत रखने के लिए इस तरह की बातें की जाती हैं।

Post a Comment