नई दिल्ली
मई के दूसरे हफ्ते में शेयर बाजार की चाल कैसी रहेगी, इस पर जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज और सैमको सिक्योरिटीज के एक्सपर्ट बता रहे हैं। ये विशेषज्ञ यह भी बता रहे हैं कि इस हफ्ते कोविड-19 संक्रमण की स्थिति, कंपनियों के वित्तीय परिणाम और औद्योगिक उत्पादन समेत वृहत आर्थिक आंकड़े बाजार की चाल तय करेंगे। इसके अलावा वैश्विक प्रवृत्ति और रुपये में उतार-चढ़ाव का भी बाजार धारणा पर असर पड़ेगा। बता दें इस सप्ताह अवकाश के कारण बाजार में चार दिन ही कारोबार होगा। घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को ईद-उल-फित्र के मौके पर बंद रहेंगे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि इस सप्ताह बाजार की प्रवृत्ति कोविड संक्रमण के मामलों की संख्या, कंपनियों के तिमाही परिणाम, मार्च महीने के औद्योगिक उत्पादन तथा अप्रैल महीने के मुद्रास्फीति के आंकड़े से निर्धारित होगी। इस सप्ताह एशियन पेंट्स, जिंदल स्टील एंड पावर लि., लुपिन, वेदांता, सिप्ला और डाॅ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के वित्तीय परिणामों पर निवेशकों की नजर होगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लि. के प्रमुख (खुदरा शोध) सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि ऐसा लगता है निवेशकों ने अपने आकलन में कोविड मामलों को ध्यान में रखा है और फिलहाल वे इसके अल्पकालीन प्रभाव से अलग देख रहे हैं।
हालांकि महामारी को लेकर जोखिम लंबी अवधि तक रहने वाला है और इसकी रोकथाम के लिये विभिन्न राज्यों में लॉकडाउन और अन्य पाबंदियां फिलहाल हटती नहीं दिख रही इससे बाजार में तेजी पर अंकुश लग रहा है।

Post a Comment