नई दिल्ली
म्यूचुअल फंड इकाइयों ने अप्रैल महीने में शेयरों में 5,526 करोड़ रुपये निवेश किया है। यह लगातार दूसरा महीना है, जब उन्होंने बाजार में कुछ सुधार देखने के बाद शेयरों में पैसा लगाया है। इनवेस्ट 19 के संस्थापक और सीईओ कौशलेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि कई वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनियां क्षेत्र में आ रही हैं। इससे उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ी है। ऐसे में आने वाले महीनों में म्यूचुअल फंड का निवेश बढ़ेगा। बजाज कैपिटल के मुख्य शोध अधिकारी आलोक अग्रवाल ने भी कहा कि तेजी का रुख बना रहेगा क्योंकि वित्त वर्ष 2020-21 के वित्तीय परिणाम के बाद मूल्यांकन कुछ नीचे आया है और कीमतों में सुधार से निवेशकों को शेयर बाजारों में निवेश का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा मार्च से बांड पर प्रतिफल नरम होने से भी इस रुख को गति मिल रही है। निवेशक अधिक रिटर्न की उम्मीद में शेयरों में निवेश कर रहे हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के आंकड़े के मुताबिक, म्यूचुअल फंड ने अप्रैल महीने में शुद्ध रूप से 5,526 करोड़ रुपये निवेश किये। यह मार्च में किये गये 4,773 करोड़ रुपये के निवेश से कहीं अधिक है। म्यूचुअल फंड द्वारा दस महीनों में इस प्रकार का यह पहला निवेश है। सेबी के पास उपलब्ध आंकड़े के अनुसार इस निवेश से पहले म्यूचुअल फंड जून 2020 से शेयर बाजार से पैसा निकाल रहे थे। सेंगर ने कहा कि हमने पिछले महीने म्यूचुअल फंड के शेयरों में निवेश में 15.8 प्रतिशत की वृद्धि देखी। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के देखते हुए निवेशकों ने जोखिम कम करने के लिये इक्विटी म्यूचुअल फंड का सहारा लिया। बजाज कैपिटल के मुख्य अनुसंधान अधिकारी आलोक अग्रवाल ने कहा कि म्यूचुअल फंड प्रवाह सामान्य तौर पर निवेशकों के संबंधित म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश को प्रतिबिंबित करता है।

Post a Comment