चेन्नई
चेपॉक में भारत को 227 रनों से हराने के बाद इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने कहा कि टॉस जीतना और इंडिया के सभी 20 विकेट लेना उनकी टीम के लिए काफी अच्छा रहा। इसके साथ ही रूट ने यह भी कहा कि उनके बल्लेबाजों ने भी पहले और दूसरे दिन विकेट का भरपूर फायदा उठाया और बड़ा स्कोर बनाकर भारत पर दबाव डाला। दूसरी पारी में 178 रन बनाकर इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 420 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन इसके जवाब में इंडिया की पूरी टीम सिर्फ 192 रनों पर ही ढ़ेर हो गई। पहले टेस्ट में भारत को 227 रनों से हराने के बाद जो रूट ने कहा, टॉस जीतना और ऐसी कंडीशन में सभी 20 विकेट लेना टीम के लिए काफी अच्छा रहा। हमें लगा था कि यहां विकेट अच्छा होगा और पहली साझेदारी ने हमें काफी फायदा पहुंचाया। इस जीत में कई खिलाड़ियों ने अपना योगदान दिया और जीत के लिए सबसे ज्यादा यही चीज जरूरी है।
अगर हमें जीत हासिल करनी है तो टीम में किसी खिलाड़ी को बड़ा योगदान देना होता है और मैं भाग्यशाली हूं कि इस बार यह काम मैंने किया। हमें पता है कि भारत मजबूती से वापसी करने की कोशिश करेगा। रूट ने 38 साल के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की तारीफ की और कहा कि इस उम्र में टीम के लिए प्रेरणादायी प्रदर्शन करना वाकई अद्भुत है। उन्होंने कहा, हमारी योजना 400 से ज्यादा का स्कोर बनाने की थी। कुछ देर पिच पर समय बिताने के बाद मुझे पता लगा कि विकेट में कुछ बदलाव आएगा। गेंदबाजी में हमें रन रेट की चिंता नहीं थी। यहां आकर पहला मुकाबला जीतना सुखद है।

Post a Comment