पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे किसानों से मोबाइल टॉवर को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की है। खबरें आ रहीं थी कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पंजाब के कई हिस्सों में मोबाइल टॉवर की बिजली प्रभावित की थी। सीएम ने किसानों से 'जनता को असुविधा' नहीं पहुंचाने का आग्रह किया है। इस दौरान सीएम ने राज्य में कृषि क्षेत्र पर पड़ने वाले बुरे प्रभाव का हवाला दिया है। दिल्ली की सीमा पर बीते लगभग एक महीने से किसानों का प्रदर्शन जारी है।
कोविड दौर में जरूरी है मोबाइल सेवा
पंजाब में मोबाइल टॉवरों की बिजली को प्रभावित करने की खबरों के बीच मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों से शांत रहने की अपील की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोविड-19 महामारी के बीच टेलीकॉम कनेक्टिविटी बहुत जरूरी हो गई है। इसके अलावा उन्होंने किसानों से दिल्ली की सीमाओं पर जारी प्रदर्शनों के बीच अनुशासन में रहने की बात कही है।
उन्होंने किसानों से कहा है कि किसान जबरदस्ती टेलीकॉम कनेक्टिविटी को काटकर या कर्मचारियों पर दवाब डालकर कानून को अपने हाथ में न लें। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि इस तरह के काम पंजाब के हित में नहीं हैं। सीएम ने कहा कि पंजाब के लोग 'काले' कनूनों के खिलाफ लड़ाई में किसानों के साथ खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। उन्होंने किसानों से निवेदन किया कि तय करें कि इंसाफ की लड़ाई में राज्य की जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
Post a Comment