नई दिल्ली
भारत के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा का कहना है कि कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे गेंदबाजों के कप्तान हैं और अपने शांत स्वभाव और खिलाड़ियों से स्पष्ट संवाद के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी तीन मैचों में अच्छी कप्तानी करेंगे। नियमित कप्तान विराट कोहली के पितृत्व अवकाश पर स्वदेश लौटने के कारण रहाणे बाकी तीन टेस्ट में भारत की कप्तानी करेंगे। बाजू में चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर ईशांत ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा, ‘वह काफी चुप रहता है और आत्मविश्वास से ओतप्रोत है। मैं जरूर कहूंगा कि वह गेंदबाजों का कप्तान है।’ उन्होंने कहा, ‘जब भी हमने साथ खेला है और विराट मैदान पर नहीं है तो वह मुझसे पूछता है कि कैसी फील्ड चाहिये। कब गेंदबाजी करना चाहते हो वगैरह।’ उन्होंने कहा, ‘वह कभी आदेश नहीं देता। उसे अच्छी तरह से पता है कि उसे टीम से क्या चाहिये।’

Post a Comment